अब 10 मई तक करें उत्तर प्रदेश पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण, परीक्षा टली
प्रयागभारत, नई दिल्ली: यूपी पॉलीटेक्निक एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी में जुटे स्टूडेंट्स के लिए अपडेट। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक) परिषद द्वारा राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों में संचालित होने वाले कोर्सेस में इस साल दाखिले के लिए छात्र-छात्राओं के चयन हेतु आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश (JEECUP) में सम्मिलित होने के लिए आवेदन किए स्टूडेंट्स के प्रवेश पत्र (UP JEECUP Admit Card 2024) फिलहाल अभी जारी नहीं किए जाएंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि परिषद ने प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण की तारीख बढ़ दी है।
JEECUP द्वारा आधिकारिक वेबसाइ पर जारी अपडेट के अनुसार उम्मीदवार अब इस प्रवेस परीक्षा के लिए 10 मई 2024 तक पंजीकरण कर सकते हैं। ऐसे में प्रवेश परीक्षा के आयोजन को फिलहाल टाल दिया गया है। बता दें कि JEECUP द्वारा यूपी पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 जनवरी 2024 से शुरू की गई थी, जिसकी आखिरी तारीख 29 फरवरी निर्धारित की गई थी।
UP JEECUP Admit Card 2024: कभी भी जारी होने की थी उम्मीद
परीक्षार्थियों को ध्यान देना चाहिए कि यूपी ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (पॉलीटेक्निक) काउंसिल द्वारा प्रवेश पत्र जारी किए जाने की तिथि 10 मार्च 2024 घोषित की थी। हालांकि, अभी तक काउंसिल द्वारा एडमिट कार्ड (UP JEECUP Admit Card 2024) जारी नहीं किए जाने के कारण उम्मीदवार असमंजस में थे। लेकिन अब जबकि काउंसिल ने आवेदन की तिथियों को बढ़ा दिया है तो उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र के लिए अभी इंतजार करना होगा।
UP JEECUP Admit Card 2024: प्रवेश परीक्षा टली
इससे पहले यूपी ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (पॉलीटेक्निक) काउंसिल ने यूपी पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2024 की तारीखों का ऐलान अपने कार्यक्रम में ही कर दिया था। इस प्रवेश परीक्षा की सूचना पुस्तिका के अनुसार परीक्षा का आयोजन 16 मार्च से 22 मार्च 2024 तक किया जाना था। इन तारीखों पर पर विभिन्न ग्रुप – A, B, C, D, E1, E2, F, G, H, I, K, L की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जानी थीं। हालांकि, काउंसिल द्वारा सभी ग्रुप की प्रवेश परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया गया है।
