अब 31 मार्च तक करें यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन, बिना विलंब शुल्क आखिरी तारीख बढ़ी
प्रयागभारत, नई दिल्ली: यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटे लाखों उम्मीदवारों के लिए काम की खबर। उत्तर प्रदेश राज्य के सरकारी और प्राइवेट बीएड कॉलेजों में संचालित होने वाले 2-वर्षीय बीएड कोर्सेस में इस साल दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2024 (UP BEd JEE 2024) में सम्मिलित होने के लिए जरूरी पंजीकरण की आखिरी तारीख बढ़ा दी गई है। इस साल इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन कर रहे बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय (BU) ने यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 मार्च 2024 कर दी है।
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय ने यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा (UP BEd JEE 2024) के लिए बिना विलंब शुल्क आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई है, जो कि पहले 3 मार्च निर्धारित थी। इसके बाद उम्मीदवारों के पास 3 से 10 मार्च तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका था। हालांकि, बिना विलंब शुल्क आवेदन तिथि अब 31 मार्च तक बढ़ाए जाने के बाद उम्मीदवारों को अतिरिक्त शुल्क दिए बिना ही आवेदन के लिए और अधिक समय मिल गया है। इसके बाद उम्मीदवार 1 से 7 अप्रैल 2024 के बीच विलंब शुल्क के साथ अप्लाई कर सकेंगे।
UP BEd JEE 2024: कहां और कैसे करें आवेदन?
ऐसे में जिन स्टूडेंट्स उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के लिए अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना अप्लीकेशन सबमिट कर लें। इसके लिए छात्र-छात्राओं को बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट, bujhansi.ac.in पर जाना होगा और इस पर दिए गए लिंक से यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा 2024 के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। फिर इस पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से उम्मीदवार अपना अप्लीकेशन सबमिट कर सकेंगे।
