रूह कंपा देगी यह खबर! तरनतारन में महिला को किया अर्धनग्न, बाल घसीटकर गली में घुमाया और फिर…
प्रयागभारत, तरनतारन: पंजाब के तरनतारन में बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज स्वजन ने गुरुवार को उसके ससुराल पहुंच घर में घुसकर बेटी और उसकी सास के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपितों ने बेटी की सास को बालों से पकड़ अर्धनग्न कर गली में घुमाया और उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ किया केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में युवती की मां और दो भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। खेमकरण के गांव वल्टोहा में एक ही मोहल्ले में रहते 19 वर्षीय युवक और युवती ने प्रेम विवाह कर लिया। इससे नाराज युवती की मां, दोनों भाई व दो अज्ञात लोग गुरुवार को युवक के घर में जबरन दाखिल हो गए। इस दौरान घर में उनकी बेटी और उसकी सास ही मौजूद थीं। आरोपितों ने घर में घुसते ही दोनों से मारपीट शुरू कर दी।
अर्धनग्न हालत में गली में घुमाया
सास ने जब बहू को बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और बालों से पकड़कर अर्धनग्न हालत में ही गली में ले आए। गली में उनका वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित महिला को अमृतसर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही सब डिवीजन भिखीविंड के डीएसपी प्रीत इंदर सिंह को मौके पर पहुंचे। थाना वल्टोहा के एएसआइ परमजीत सिंह ने पीड़ित महिला के बयान पर आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाया आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस आरोपितों को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है और उनके परिवार का मजाक उड़ाया जा रहा है। अमृतसर के निजी अस्पताल में दाखिल युवक की मां ने आरोप लगाया कि उसके बेटे और बहू को अब भी जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
बेटा और बहू इंसाफ के लिए पुलिस स्टेशन जाते हैं तो उनका मजाक उड़ाया जाता है। पीड़ित महिला ने इस मामले में डायरेक्टर जरनल आफ पुलिस से दखल देने की मांग की है। इस संबंध में डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह का कहना है कि दो दिन से आरोपितों को पकड़ने के लिए छापामारी जारी है।
आरोपितों की तलाश जारी
आरोपित दो दिन से घर से फरार हैं। मोबाइल लोकेशन के माध्यम से आरोपितों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तरनतारन के एसएसपी अश्वनी कपूर कहते हैं कि एसपी अजयराज सिंह की अगुआई में जांच टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
