स्कूल में कुत्ता काटे या कोई जानवर…, केरल सरकार ने रेबीज संक्रमण को रोकने के लिए छात्रों को जारी किए दिशा-निर्देश
तिरुवनंतपुरम। केरल सरकार (Kerala Government) ने शुक्रवार को स्कूली बच्चों में रेबीज संक्रमण की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। आदेश में छात्रों को रेबीज संक्रमण से बचाने के लिए स्कूल परिसरों में आवारा कुत्तों के रहने और उनके प्रजनन पर रोक लगाना भी शामिल है।
यह दिशानिर्देश सामान्य शिक्षा विभाग ने जारी किया है। बयान में कहा गया है कि स्कूल परिसर में आवारा कुत्तों के रहने और प्रजनन को रोकने के अलावा, छात्रों को रेबीज और इसकी रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए।
जानवर ने खरोंच मारी हो तो फौरन शिक्षकों को सूचित करें
साथ ही दिशा-निर्देशों में यह भी सिफारिश की गई है कि छात्रों से कहा जाए कि अगर उन्हें किसी जानवर ने खरोंच मारी हो या काट लिया हो तो वे तुरंत अपने शिक्षकों या अभिभावकों को सूचित करें।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष सभा आयोजित करें
इसके अलावा निर्देश में कहा गया है कि रेबीज संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 13 जून को स्कूलों में एक विशेष सभा आयोजित की जाए।
