Dharali Aapda पर हरीश रावत का तीखा हमला, राहत में देरी पर उठाए सवाल
प्रयाग भारत, देहरादून : Dharali Aapda उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा को लेकर सियासत तेज हो गई है। हरीश रावत ने राज्य सरकार पर राहत और पुनर्वास में देरी को लेकर तीखा हमला बोला है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में अब तक पूरी तरह राहत नहीं पहुंचाई जा सकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहत वितरण में ही आठ-नौ महीने लग गए, तो इसे प्रभावी आपदा प्रबंधन कैसे कहा जा सकता है।
रावत ने कहा कि पुनर्वास और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया अभी भी अधूरी है, जिससे प्रभावित लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि राज्य में आपदा प्रबंधन अब मजाक बनकर रह गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय लोग 2014 में अपनाए गए आपदा राहत मॉडल को लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उस समय पुनर्वास और राहत कार्य ज्यादा प्रभावी ढंग से किए गए थे।
उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित लोगों की मांग को उठाते हुए रावत ने सरकार से तुरंत ठोस कदम उठाने की अपील की। इस मुद्दे पर अब प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
