उत्तराखंड में अगले 4 दिन मौसम रहेगा बेहद खराब, यात्रा से पहले अलर्ट जरूर देखें
Summary
Spread the loveस्वदेशी टाइम्स, देहरादून : उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से 21 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की […]
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से 21 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
19 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
20 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है।
21 जुलाई को बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने 22 और 23 जुलाई के लिए भी पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि पूरे राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें, नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करते हुए ही यात्रा करें।