Uttarakhand

Dehradun में लावारिस शव मिलने के मामले का खुलासा, 600 रुपये लूटने के दौरान मारपीट से हुई मौत; दो गिरफ्तार

Summary

ख़बर शेयर करें -प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, लूटपाट की कोशिश के दौरान दो […]

प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, लूटपाट की कोशिश के दौरान दो आरोपियों ने व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर धक्का दे दिया। गिरने से लगी अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सड़क किनारे अचेत मिला था व्यक्ति

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सेवला खुर्द में राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर पहचान कराने का प्रयास किया गया। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक ने व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का दिया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए और कुछ देर बाद वापस आकर व्यक्ति को जांचते हुए दिखाई दिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके बाद मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को पटेल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

शराब के नशे में लोगों को बनाते थे निशाना

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशे के आदी हैं और शराब के ठेकों के आसपास घूमते थे। वे अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों का पीछा कर सुनसान स्थानों पर उनसे रुपये और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे।

पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। दोनों उसका पीछा करते हुए सेवला खुर्द पहुंचे, जहां सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर 600 रुपये छीन लिए।

इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद वापस लौटने पर आरोपियों को उसके मृत होने का पता चला, जिसके बाद वे वहां से फरार हो गए।

गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले में अशरफ उर्फ काला और सफदर को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।