केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का सामूहिक उपवास, संजय सिंह बोले- भाजपा के पास गया घोटाले का पैसा
प्रयाग भारत, दिल्ली : केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में एक ओर जहां आम आदमी पार्टी आज रविवार को जंतर मंतर पर उपवास कर रही है। मंच पर आप के दिल्ली संयोजक व मंत्री गोपाल राय, मंत्री आतिशी,महापौर शैली ओबेरॉय सहित कई विधायक मौजूद हैं। मंच पर डॉ अंबेडकर और बलिदानी भगत सिंह के बीच में महात्मा गांधी की भी फोटो लगाई है।
शरथ चंद रेड्डी ने भाजपा को दिए 60 करोड़ – संजय सिंह
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, “ईडी, सीबीआई कह रही है कि शराब घोटाला हुआ है, मैं कहता हूं कि मगर पैसा आप में नहीं भाजपा में गया है। कथित शराब घोटाले के आरोपी शरथ चंद रेड्डी ने भाजपा को 60 करोड़ दिया है। यह बात साबित हो चुकी है, फिर इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
इस मामले में आप के खिलाफ कहीं कोई मनी ट्रेल नहीं है। मगर गिरफ्तार आप के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री हो रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ईमानदार थे, ईमानदार हैं और ईमानदार रहेंगे।”

आतिशी बोलीं- ‘ईडी, सीबीआई बीजेपी के राजनीतिक हथियार’
आतिशी ने आरोप लगाया कि शराब नीति घोटाले में पैसे का लेन-देन शराब कारोबारी शरत रेड्डी से लेकर बीजेपी तक हुआ है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई बीजेपी के राजनीतिक हथियार को रूप में काम कर रही है। दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल से प्यार करते हैं। वे उन्हें सीएम के रूप में नहीं बल्कि अपने बेटे या भाई के रूप में देखते हैं। सभी अरविंद केजरीवाल के लिए जमानत चाहते हैं।
गांधी जी के दिखाए रास्ते पर AAP- दिलीप पांडेय
आप नेता दिलीप पांडेय ने कहा कि बापू ने आंदोलन की लड़ाई में 18 बार उपवास किए। बापू ने 1943 में 21 दिन का भी उपवास किया था। उस उपवास की धमक पूरे देश में सुनाई दी थी। उस उपवास ने अंग्रेजों को हिला कर रख दिया था। बापू ने गैर कानूनी गिरफ्तारी के विरोध में उपवास किया था उसी तरह आज हम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गैर कानूनी गिरफ्तारी उपवास कर रहे हैं।
कनॉट प्लेस में आज भाजपा का प्रदर्शन
वहीं दूसरी ओर भाजपा भी आबकारी नीति घोटाले से लेकर सीएम की आवास निर्माण में हुए कथित घोटाले को लेकर कनॉट प्लेस में प्रदर्शन कर रही है।

कनॉट प्लेस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ दिल्ली के सातों सीटों से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी भी मौजूद हैं। इस दौरान सीएम के आवास की प्रतिकृति भी वहां मौजूद हैं। जिसके तहत भाजपा नेता नागरिकों को सेल्फी लेने के लिए भी कहेंगे। दिल्ली बीजेपी आम आदमी पार्टी को उसी के तरीके से जवाब दे रही है।
बीते दिनों जब आम आदमी पार्टी ने भाजपा मुख्यालय के पास प्रदर्शन की घोषणा की थी तो वहीं भाजपा ने राजघाट पर जाकर प्रदर्शन किया था। ऐसे में रविवार को जब आम आदमी पार्टी ने जंतर मंतर पर उपवास की घोषणा की तो भाजपा ने भी प्रदर्शन की घोषणा कर दी।
