एमएस धोनी की लाइमलाइट के बीच फायदा उठाने चाहेगी पंजाब किंग्स, प्लेऑफ की रेस बनेगी रोमांचक
प्रयागभारत, चेन्नई। प्रदर्शन में निरंतरता की कमी से जूझ रही चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम बुधवार को जब पंजाब किंग्स के विरुद्ध उतरेगी तो उसकी नजरें खेल के सभी विभागों में एकजुट प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी। पंजाब किंग्स ने पिछले मुकाबले में केकेआर के विरुद्ध 262 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।
चेपॉक में खेला जाएगा मुकाबला
ऐसे में अंक तालिका में आठवें नंबर चल रही पंजाब के विरुद्ध चेन्नई को सावधान रहना होगा क्योंकि यहां से एक और हार उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को नुकसान पहुंचा सकती है। यह मैच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा, जो सुपरिंकग्स का गढ़ है। यहां गेंदबाजों को पिच से मदद मिलती है और मेजबान टीम ने पिछले मैच में सनराइजर्स पर 78 रन की आसान जीत दर्ज की।
चेन्नई में उस रात ओस नहीं पड़ी थी और बल्लेबाजों द्वारा 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने के बाद सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने अपनी सटीक और विविधता से भरी गेंदबाजी से सनराइजर्स की मजबूत बल्लेबाजी इकाई को ध्वस्त कर दिया।
शानदार फॉर्म में दिख रहे गायकवाड़
चेन्नई को पंजाब के विरुद्ध यह प्रदर्शन दोहराना होगा और सभी की निगाहें कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर होंगी जो फॉर्म में वापसी कर चुके हैं। गायकवाड़ ने अपनी पिछली दो पारियों में 108 और 98 रन बनाए हैं और न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल ने भी हैदराबाद के विरुद्ध 32 गेंद में 52 रन बनाकर सही समय पर लय हासिल कर ली है।
हालांकि सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी क्रम में असली तूफान शिवम दुबे हैं जिन्होंने इंपैक्ट प्लेयर के रूप में आते हुए विपक्षी गेंदबाजों को धराशायी किया है। स्पिन के विरुद्ध अच्छा खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज दुबे ने मौजूदा सत्र में अब तेज गेंदबाजों के विरुद्ध प्रभावी प्रदर्शन करके अपनी बल्लेबाजी में एक और आयाम जोड़ दिया है।
रहाणे का नहीं चल रहा बल्ला
सुपरकिंग्स की सलामी जोड़ी अस्थिर बनी हुई है। गायकवाड़ ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन अब बाहर किए गए रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे दोनों अपने कप्तान का साथ नहीं निभा पाए हैं। आरंभिक बल्लेबाज के रूप में रहाणे ने पिछली चार पारियों में 05, 36, 01 और 09 रन बनाए जो उनके अनुभव और कौशल के अनुरूप नहीं हैं। हालांकि, पूरी संभावना है कि टीम उन्हें और अवसर देगी
बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने भी कहा था कि यह 35 वर्षीय बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने के करीब है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की टीम रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करने के बाद लय को जारी रखते हुए अंक तालिका में मौजूदा आठवें स्थान से आगे बढ़ने को बेताब होगी। इसके लिए टीम को बल्लेबाजों से एक बार फिर से एकजुट प्रदर्शन की उम्मीद है।
जिम्मेदारी एक बार फिर नाइटराइडर्स के विरुद्ध शतक जड़ने वाले जानी बेयरस्टो, शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह के कंधों पर होगी। टीम हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा से अधिक प्रभावशाली प्रदर्शन चाहेगी।
पंजाब किंग्स का गेंदबाजी आक्रमण
कैगिसो रबादा, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह और सैम कुर्रन जैसे अनुभवी गेंदबाजों की मौजूदगी के बावजूद थोड़ा कमजोर दिखता है। मेहमान टीम को अपने स्पिनरों हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर से भी बेहतर प्रदर्शन की दरकार है क्योंकि इन्होंने इस सत्र में केवल सात विकेट लिए हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी, अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, मोईन अली, शिवम दुबे, आरएस हांगरगेकर, रवींद्र जडेजा, अजय जादव, डेरिल मिशेल, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, निशांत सिंधू , दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मुस्तफिजुर रहमान, मथीशा पथिराना, सिमरजीत सिंह, प्रशांत सोलंकी, शार्दुल ठाकुर, महेश तीक्षणा और समीर रिज्वी।
पंजाब किंग्स
शिखर धवन (कप्तान), मैथ्यू शार्ट, जानी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, जितेश शर्मा, सिकंदर रजा, रिषि धवन, लियाम लि¨वगस्टोन, अथर्व ताइडे, अर्शदीप सिंह, नाथन एलिस, सैम कुर्रन, कैगिसो रबादा, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, हरप्रीत भाटिया, विद्वथ कावेरप्पा, शिवम सिंह, हर्षल पटेल, क्रिस वोक्स, आशुतोष शर्मा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शशांक सिंह, तनय त्यागराजन, प्रिंस चौधरी और रिली रोसोयू।
