Blog

‘अफीम की खेती किसके लिए?’ Bhupesh Baghel ने सरकार से मांगा जवाब

Summary

Spread the love

Spread the loveएफएनएन, रायपुर : दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े विनायक ताम्रकार की खेत में अफीम की अवैध खेती पर प्रदेश में हलचल मची हुई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अफीम की खेती की बात […]

Spread the love

एफएनएन, रायपुर : दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े विनायक ताम्रकार की खेत में अफीम की अवैध खेती पर प्रदेश में हलचल मची हुई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अफीम की खेती की बात सुनकर स्वयं आज समोदा पहुंचे, खेती का मुआयना किया और इसके बाद एक नहीं दो ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि यह प्रोजेक्ट भाजपा किसान मोर्चा का है, या मंत्रियों का है?

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने पहले ट्वीट सुशासन की अफीम!! – Part 1 में अफीम खेती में संलिप्त बताए जा रहे भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकार का हवाला दिया है. उन्होंने कहा, ‘दुर्ग ज़िले के ग्राम समोदा में 10 एकड़ खेत में अफ़ीम की खेती कर रहे हैं. कल रात सूचना मिलते ही आज हम सब वहाँ पहुंचे हैं. बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हैं.’

उन्होंने कहा ‘विनायक ताम्रकार बहुत रसूख़दार आदमी बताया जा रहा है. उसका उठना बैठना बड़े अधिकारियों, मंत्रियों के साथ है. मुख्यमंत्री निवास में भी आने जाने की सूचना है. सवाल यह है कि यह प्रोजेक्ट भाजपा किसान मोर्चा का है या मंत्रियों का है?’

वहीं अपने दूसरे ट्वीट में भूपेश बघेल ने ‘सुशासन’ मतलब ‘सूखा नशा आसन’ बताते हुए कहा, ‘यह खेत भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का है. जो दुर्ग के ग्राम समोदा में स्थित है. इन तस्वीरों को ध्यान से देखिए…फिर याद कीजिए कि कुछ दिन पहले विधानसभा में मैंने सूखे नशे के विषय में गृहमंत्री विजय शर्मा से कुछ सवाल किए थे, और गृहमंत्री गोलमोल जवाब देते नजर आए थे. सूखे नशे की तस्करी में लिप्त नव्या मलिक, जिसका नाम प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है, उसका जिक्र सरकार की लिस्ट में था ही नहीं. पहले तो मुझे बड़ा अचंभा हुआ लेकिन अब जब कड़ियाँ जुड़ रही हैं तो समझ आ रहा है कि खेल बड़ा है.

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अपने 10 एकड़ खेत में अब अफ़ीम के पौधे और फूल उगा रहे हैं. आपको बता दूँ कि अवैध नशीला पदार्थ हेरोइन का निर्माण भी इसी अफ़ीम के पौधे से होता है. इसी हेरोइन की सप्लायर नव्या मलिक भी थी. लेकिन नव्या मलिक अचानक से सरकार की सूची से बाहर कैसे हो गई? क्या नव्या मलिक और भाजपा के सूखे नशे की फ़ैक्ट्री में भी कोई कनेक्शन है?

फिर सवाल किया कि ‘क्या वो भाजपा की फ़ैक्ट्री के प्रोडक्ट की मार्केटिंग का काम कर रही थी? ये बड़े सवाल हैं जो छत्तीसगढ़ की जनता के बीच तैर रहे हैं. जिस प्रकार से भाजपा के इस नेता का बड़े अधिकारियों और मंत्रियों के साथ उठना-बैठना है, जिस प्रकार से सरकार की सूची से एक बड़ी नशा तस्कर का नाम गायब होता है, इन सब में कड़ियाँ जुड़ तो रही हैं. अब जवाब मुख्यमंत्री@vishnudsai और गृहमंत्री @vijaysharmacg को देना है.’

भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से पूछा, ‘अफ़ीम की इस खेती में कौन-कौन मंत्री/अधिकारी शामिल हैं? नव्या मलिक का नाम सरकार की लिस्ट से किसने बाहर किया? नव्या मलिक कितने बार विदेश गई और किसके साथ विदेश गई? विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब आया है? विनायक ताम्रकार के किन-किन नेताओं और अधिकारियों से संबंध हैं?’

अंत में उन्होंने कहा, ‘आपकी चुप्पी जनता के संदेह को विश्वास में बदल रही है. जनता मान रही है कि भाजपा ही प्रदेश में सूखे नशे को बढ़ावा दे रही हैस जिसके कारण कानून व्यवस्था बदहाल है. होली के दिन सिर्फ राजधानी में ही 5 मर्डर हुए हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *