Uttarakhand

फरारी खत्म, धामी हत्याकांड का आरोपी आखिरकार गिरफ्त में

Summary

Spread the love

Spread the love प्रयाग भारत, रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड के आरोपी और 25 हजार […]

Spread the love

प्रयाग भारत, रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड के आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत की गई.

ऊधम सिंह नगर में STF को मिली बड़ी सफलता: रुद्रपुर में STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल इनामी शूटर को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिंकू शर्मा उर्फ पंडित के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी.

पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड का इनामी शूटर गिरफ्तार : पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत की गई, जिसमें तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई. इसके बाद STF और रुद्रपुर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

2020 में हुआ था पार्षद प्रकाश धामी का मर्डर: जांच में सामने आया है कि रिंकू शर्मा वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी की दिनदहाड़े हत्या में शामिल था. इस हत्याकांड ने उस समय पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी. पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने सुपारी लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण बन गया था.

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान: अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है. साथ ही, अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है. पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. STF और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ी सफलता माना जा रहा है. प्रशासन ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.

पार्षद धामी को 6 गोलियां लगी थी: 12 अक्टूबर 2020 को बीजेपी समर्थक नगर निगम के पार्षद प्रकाश धामी को घर से बुलाकर कार सवार 5 बदमाशों ने गोली मार दी थी. फायरिंग में पार्षद के सिर, गले और सीने पर गोलियां लगी थी. तब स्थानीय लोगों के बताया था कि पार्षद प्रकाश सिंह धामी ने अपने बचाव के लिए भागने की कोशिश भी की थी. लेकिन बदमाशों ने पीछा करके उन्हें गोली मारी थी. परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. बदमाशों ने पार्षद को छह गोलियां मारी थी. 2 गोलियां सटाकर जबकि चार गोलियां थोड़ा दूरी से मारी गई थी.

प्रकाश धामी का ट्रैक रिकॉर्ड: पुलिस ने बताया था कि पार्षद प्रकाश धामी का कई संगीन वारदातों से नाता रहा था. पार्षद बनने से पूर्व किच्छा में हुए हत्या के मामले में प्रकाश धामी जेल भी गए थे. बाद में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था. जबकि वर्ष 2019 में सिटी क्लब के बाहर दो पक्षों में हुई गोलीबारी में प्रकाश धामी के खिलाफ हत्या का प्रयास करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था. इसके अलावा रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने प्रकाश धामी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *