Chennai से Haridwar आ रहे कंटेनर में भीषण आग
प्रयाग भारत, हरिद्वार: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. चंडी देवी उड़नखटोला से आगे गौरी शंकर क्षेत्र के पास एक चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कंटेनर आग के गोले में तब्दील हो गया. आग लगने की घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई.
चेन्नई से हरिद्वार आ रहे कंटेनर में लगी भीषण आग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कंटेनर हाईवे से गुजर रहा था. तभी उसके केबिन से अचानक धुआं उठने लगा. चालक राजेश और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई. उनके बाहर निकलते ही आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही मिनटों में कंटेनर का अगला हिस्सा धू धू कर जलने लगा.
कंटेनर का केबिन जल गया: सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. हाईवे पर कंटेनर में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को संभाला. फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर का केबिन काफी हद तक जल चुका था.

सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि- लोहे के माल से लोडेड ट्रक में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल पहुंची. टीम ने पाया कि हाईवे पर खड़ा ट्रक भीषण आग की चपेट में है. ट्रक चेन्नई से हरिद्वार स्थित भेल फैक्ट्री जा रहा था. स्टेयरिंग के पास शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी. फायर यूनिट ने तत्काल आग को बुझाया. इस दुर्घटना से ट्रक के आगे का हिस्सा एवं एक मोबाइल फोन को क्षति पहुंची है जबकि कोई जनहानि नहीं हुई.-वंश बहादुर यादव, सीएफओ, हरिद्वार-
