राजनीति में हलचल: दिल्ली के 3 पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल
प्रयाग भारत, दिल्ली : उत्तराखंड में बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है. दिल्ली के एआईसीसी मुख्यालय में शनिवार को पार्टी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत , उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उत्तराखंड भाजपा के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है.
आज का दिन कांग्रेस पार्टी के लिए खास रहा है. राज्य के 6 बड़े चेहरों ने कांग्रेस ज्वाइन की है. भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन करने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली विधानसभा से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गौरव गोयल समेत मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, लाखन सिंह नेगी शामिल हैं.
कांग्रेस का कहना है कि आज भाजपा नेताओं के कांग्रेस का दामन थामने से राज्य में स्पष्ट संदेश गया है कि भाजपा के दिन अब लद चुके हैं. भाजपा के नेता भी अब मानने लगे हैं कि यह जहाज अब डूबने वाला है. कांग्रेस पार्टी 2027 में राज्य के भीतर सरकार बनाने जा रही है.
पार्टी ने आज सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का स्वागत किया. उससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है. यह भाजपा के नेताओं के पार्टी में शामिल होने की पहली खेप है. आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी के और भी वरिष्ठ नेता कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे हैं.
