आम चुनाव से पहले बिस्तर पर नोटों के साथ लेटे नेता की फोटो वायरल, पार्टी बोली- हमारा कोई लेना देना नहीं
प्रयागभारत, दिसपुर: देशभर में लोकसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता लागू की गई है। इस बीच असम के एक नेता की तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वह 500 रुपये के नोटों के साथ लेटे हुए हैं। इनका नाम यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) से जुड़े नेता बेंजामिन बासुमतारी बताया जा रहा है।
‘तस्वीर से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं’
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह तस्वीर इंटरनेट पर शेयर की जा रही है। इसे लेकर यूपीपीएल के अध्यक्ष और बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोरो ने एक्स पर अपना पक्ष रखा है। बोरो ने स्पष्ट किया है कि बेंजामिन अब यूपीपीएल से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने आगे बताया कि एक पत्र प्राप्त होने के बाद 10 जनवरी 2024 को बेंजामिन को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
‘पार्टी के साथ ना जोड़ा जाए बासुमतारी का नाम’
बोरो ने एक्स पर आगे लिखा कि बासुमतारी का नाम यूपीपीएल के साथ ना जोड़ा जाए। उनके द्वारा किया गया कार्य व्यक्तिगत रूप से उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे लिखा कि हमारी पार्टी इस मामले में जवाबदेह नहीं है। इस तस्वीर का यूपीपीएल या बीटीसी सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर पांच साल पहले बासुमतारी के दोस्तों द्वारा ली गई थी।
