वैवाहिक कलह से परेशान था पति, व्हाट्सएप पर पत्नी को लिखा मैसेज- ‘तलाक तलाक तलाक’; पुलिस ने किया गिरफ्तार
आदिलाबाद। आदिलाबाद पुलिस ने व्हाट्सएप वॉयस मैसेज के जरिए अपनी पहली पत्नी को ‘तीन तलाक’ कहने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला आदिलाबाद शहर के केआरके कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय अब्दुल अतीक के खिलाफ दर्ज किया गया है, जो ट्रांसपोर्टर का काम करता है। आदिलाबाद पुलिस के सब-इंस्पेक्टर जी श्रीनिवास के मुताबिक, अतीक ने 2017 में जैस्मीन से शादी की थी।
शादी के बाद दंपति की दो बेटियां हुई, लेकिन जल्द ही वैवाहिक कलह शुरू हो गई, जिससे अक्सर झगड़े होने लगे। पिछले दो सालों से यह जोड़ा अलग-अलग रह रहा है, जिसमें जैस्मीन अपनी बेटियों के साथ अपनी मां के घर रहती है। इसी बीच अतीक ने दूसरी शादी कर ली।
2023 में कराया था उत्पीड़न का मामला दर्ज
साल 2023 में जैस्मिन ने अतीक के खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इसके अतिरिक्त, उसने अदालत में भरण-पोषण के लिए याचिका दायर की, जिसके परिणामस्वरूप अदालत ने अतीक को अपनी बेटियों के भरण-पोषण के लिए प्रति माह 7,200 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया।
व्हाट्सएप पर वॉइस मैसेज भेजकर दिया तलाक
हालांकि, अतीक इस आदेश का पालन करने में विफल रहा, जिसके कारण जैस्मीन को फिर से अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। इसके बाद कोर्ट ने अतीक को पेश होने के लिए समन जारी किया। वहीं, इस घटनाक्रम से गुस्साए अतीक ने जैस्मीन को व्हाट्सएप पर एक वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें ‘तीन तलाक’ की घोषणा की गई।
