Uttarakhand

kedarnath पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा, खाई में गिरने से युवक की मौत

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, रुद्रप्रयाग : kedarnath धाम यात्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक […]

Spread the love

प्रयाग भारत, रुद्रप्रयाग : kedarnath धाम यात्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक निर्धारित रास्ते को छोड़कर शॉर्टकट मार्ग से नीचे उतरने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे।

घटना की सूचना दोपहर करीब 1:23 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से जिला प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही बड़ी लिनचोली सेक्टर प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत दल मौके के लिए रवाना हुए। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने एक घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर छोटी लिनचोली मेडिकल राहत केंद्र पहुंचाया। जांच में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे आगे के उपचार के लिए गौरीकुंड स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायल की पहचान मोहित (27 वर्ष), निवासी गोकुलपुरी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

दूसरे युवक को भी खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन मेडिकल जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रियांशु शुक्ला (27 वर्ष), निवासी फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा जा रहा है।

प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल चिन्हित और सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि समय बचाने के लिए शॉर्टकट अपनाना कई बार जानलेवा साबित हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में चारधाम यात्रा मार्गों पर कई हादसे सामने आए हैं। कुछ दिन पहले बदरीनाथ हाईवे पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें एक महिला की मौत और दो अन्य लोग घायल हो गए थे। लगातार बदलते मौसम और पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *