Haridwar रील के चक्कर में गंगा में उतारी थार, बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई मुश्किलें
प्रयाग भारत, हरिद्वार : Haridwar उत्तराखंड में मानसून के बीच लापरवाही और स्टंटबाजी के मामले सामने आए हैं। हरिद्वार में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के चक्कर में कुछ युवकों ने अपनी थार गाड़ी गंगा नदी में उतार दी।
गंगा में थार उतारना पड़ा भारी
हरिद्वार के बजरीवाला क्षेत्र में कुछ युवक अपनी थार एसयूवी लेकर गंगा नदी के किनारे पहुंचे और वाहन को नदी में उतारकर स्टंट करते हुए वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा और देखते ही देखते थार नदी के बीच फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक वाहन की क्षमता दिखाने के उद्देश्य से पानी में ड्राइविंग कर रहे थे। जब पानी बढ़ा तो उन्होंने गाड़ी निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से वाहन को बहने से रोका।
सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलाकर काफी मशक्कत के बाद थार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच में सामने आया कि युवक सोशल मीडिया रील बनाने के उद्देश्य से नदी में वाहन लेकर गए थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थार को सीज कर दिया और युवकों को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के भीतर वाहन ले जाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डालना है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए जोखिम न उठाने की अपील की।