Uttarakhand

कुंभ से पहले हरिद्वार का नया लुक, ओम पुल के पास स्थापित हुई विशाल शिव प्रतिमा

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, हरिद्वार : सावन के पावन महीने में धर्मनगरी हरिद्वार को एक नया आकर्षण मिला है। ओम पुल के समीप भगवान शिव की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की […]

Spread the love

प्रयाग भारत, हरिद्वार : सावन के पावन महीने में धर्मनगरी हरिद्वार को एक नया आकर्षण मिला है। ओम पुल के समीप भगवान शिव की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से स्थापित की गई इस प्रतिमा का उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधि-विधान के साथ लोकार्पण किया।

एफआरपी स्टोन से तैयार की गई इस प्रतिमा की अनुमानित आयु करीब 100 वर्ष बताई जा रही है। प्रतिमा के स्थापित होने से ओम पुल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण भी जुड़ गया है।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ लोकार्पण

प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने क्रेन में खड़े होकर भगवान शिव की प्रतिमा का अनावरण किया।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव की इस दिव्य प्रतिमा का अनावरण शुभ संकेत है। यहां नियमित रूप से स्तुति और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का आध्यात्मिक वातावरण और मजबूत होगा।

कुंभ की तैयारियों में सहयोग का भरोसा

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक और आस्था केंद्रों में शामिल है। ऐसे में यहां होने वाले विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों का महत्व काफी बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड सरकार तैयारियों में जुटी है। उत्तर प्रदेश सरकार और सिंचाई विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

भीमगोड़ा बैराज की सीपेज समस्या का हुआ समाधान

सिंचाई मंत्री ने भीमगोड़ा बैराज में लंबे समय से चली आ रही सीपेज की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बैराज के गेट बंद किए बिना उन्हें बदलकर सीपेज रोकने का काम किया गया है।

उनके मुताबिक, इससे उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों के किसानों को सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही सिंचाई विभाग की ओर से बंधों को मजबूत करने का काम भी किया गया है, जिससे बाढ़ के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।

ओम पुल के साथ बनेगा नया आकर्षण

यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने कहा कि ओम पुल अब हरिद्वार की पहचान का हिस्सा बन चुका है। धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण पर भी लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ओम पुल के पास भगवान शिव की प्रतिमा की स्थापना इसी प्रयास का हिस्सा है। प्रतिमा से क्षेत्र की भव्यता बढ़ने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक नया धार्मिक और पर्यटन आकर्षण तैयार हुआ है। प्रतिमा और ओम पुल के आसपास रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *