Uttarakhand

धामी सरकार के 5 साल: UCC से नकल विरोधी कानून तक, सख्त फैसलों से बदली कानून व्यवस्था

Summary

ख़बर शेयर करें -प्रयाग भारत, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने के लिए कई बड़े कानूनी फैसले लिए […]

प्रयाग भारत, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने के लिए कई बड़े कानूनी फैसले लिए हैं। भाजपा की ओर से जारी रिपोर्ट कार्ड में इन फैसलों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया है। समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे कदमों को कानून आधारित सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया है।

उत्तराखंड बना UCC लागू करने वाला पहला राज्य

धामी सरकार के कार्यकाल का सबसे चर्चित फैसला समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना रहा। 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना।

इस कानून के तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान नियम निर्धारित किए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे सामाजिक समानता और कानूनी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए सख्त कानून

प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया।

इस कानून में पेपर लीक और नकल जैसे मामलों में संलिप्त माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। इसके तहत दोषियों को आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना, अवैध संपत्ति की जब्ती और परीक्षाओं में शामिल होने पर प्रतिबंध जैसे प्रावधान शामिल हैं। सरकार ने इसे भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

धर्मांतरण और उपद्रवियों पर नकेल

सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वर्ष 2022 में उत्तराखंड के धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त किया गया। इसके तहत बल, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से कराए जाने वाले अवैध धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं।

वहीं, दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी तथा निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इस कानून के तहत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के जिम्मेदार लोगों से ही क्षतिपूर्ति वसूलने की व्यवस्था की गई है।

सख्त भू-कानून से जमीनों की खरीद पर नियंत्रण

भाजपा के रिपोर्ट कार्ड में सख्त भू-कानून को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया है। प्रदेश के मूल स्वरूप, कृषि भूमि और स्थानीय संसाधनों की सुरक्षा के उद्देश्य से लागू किए गए प्रावधानों के तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर बाकी 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी व्यक्तियों के कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर रोक लगाई गई है।

सरकार का कहना है कि इन प्रावधानों से पर्वतीय क्षेत्रों की जमीनों को सुरक्षित रखने और स्थानीय हितों की रक्षा करने में मदद मिलेगी।

13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

प्रदेश में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, धार्मिक स्थलों की आड़ में किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है।

इसके साथ ही छद्मवेश धारण कर लोगों को गुमराह करने और कथित रूप से अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि जैसी मुहिम भी चलाई जा रही है।

कानून आधारित सुशासन को सरकार ने बताया प्राथमिकता

भाजपा के रिपोर्ट कार्ड में इन सभी फैसलों को उत्तराखंड में कानून व्यवस्था मजबूत करने, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया है। सरकार का दावा है कि इन कानूनी सुधारों के जरिए प्रदेश में सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया गया है।