Government Tender दिलाने का झांसा देकर 10.38 लाख की ठगी, खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताने वाले दो आरोपियों पर FIR
Summary
Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून: Government Tender और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने खुद को स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन […]
प्रयाग भारत, देहरादून: Government Tender और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने खुद को स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा अधिकारी बताकर एक व्यक्ति को अपने प्रभाव और शासन स्तर तक पहुंच का भरोसा दिलाया। सरकारी काम दिलाने के एवज में उससे कुल 12 लाख 38 हजार रुपये लिए गए, लेकिन बाद में महज दो लाख रुपये लौटाए गए। शेष 10 लाख 38 हजार रुपये वापस नहीं किए गए।
इस मामले में चंदन सिंह रावत की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाने में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, चंदन की मुलाकात अतुल घुघत्याल से हुई थी। अतुल ने खुद को स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय में कार्यरत बताया और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक अपनी पहुंच होने का दावा किया। उसने चंदन को सरकारी टेंडर और विभागीय काम दिलाने का भरोसा दिया।
इसके बाद अतुल ने चंदन की मुलाकात प्रकाश मेहरा उर्फ प्रकाश नेगी से कराई। आरोप है कि प्रकाश ने खुद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का निदेशक बताया। दोनों ने मिलकर चंदन को विश्वास दिलाया कि उनके प्रभाव के चलते उसे सरकारी टेंडर और विभाग से जुड़े अन्य काम आसानी से मिल सकते हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी भरोसे में उसने गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों को 6.50 लाख रुपये नकद दिए। इसके करीब एक महीने बाद आरोपियों के कहने पर 5.88 लाख रुपये बिमला राठौर के एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इस तरह आरोपियों से जुड़े लोगों को कुल 12.38 लाख रुपये दिए गए।
कुछ समय बाद आरोपियों ने चंदन को केवल दो लाख रुपये वापस किए। जब उसने बाकी रकम यानी 10.38 लाख रुपये वापस मांगे तो दोनों कथित तौर पर लगातार टालमटोल करते रहे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम वापस मांगने पर अतुल ने चंदन के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
मामला सामने आने के बाद पुलिस अब आरोपियों द्वारा किए गए सरकारी पद और अधिकारियों से संपर्क के दावों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी वास्तव में किसी सरकारी विभाग से जुड़े हैं या नहीं और उन्होंने जिन पदों का परिचय दिया, वह सही है या नहीं।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, आरोपी अतुल घुघत्याल उर्फ बहादुर सिंह बोरा कॉलोनी, कमलुवागांजा, हल्द्वानी का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी प्रकाश मेहरा उर्फ प्रकाश नेगी वेस्ट खेड़ा, काठगोदाम निवासी बताया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया है कि उसे आशंका है कि आरोपियों ने सरकारी काम दिलाने का झांसा देकर उत्तराखंड के दूसरे जिलों में भी अन्य लोगों से रकम ली हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान, उनकी गतिविधियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।