Kainchi dham पहुंचीं ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, बाबा नीम करौरी के दर पर टेका मत्था
प्रयाग भारत, भवाली :Kainchi dham बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर शनिवार को अपने स्वजनों के साथ प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचीं। उन्होंने बाबा नीम करौरी के मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और आश्रम में हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया।
कैंची धाम पहुंचने पर आश्रम प्रबंधन की ओर से अनुप्रिया नागर का स्वागत किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के विनोद जोशी ने उनके साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ के विषय में विस्तार से चर्चा की। फिल्म से जुड़ने और इसके सफल होने को अनुप्रिया ने बाबा नीम करौरी का आशीर्वाद बताया।
ट्रस्ट प्रबंधक प्रदीप साह ने अनुप्रिया को बाबा नीम करौरी से जुड़ी कई लीलाओं और उनके आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। इस दौरान फिल्म के आगामी सीक्वल ‘हनुमान अंश पार्ट-टू’ के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। मंदिर प्रबंधन ने फिल्म के दूसरे भाग के निर्माण के लिए अनुप्रिया नागर को शुभकामनाएं दीं।
बाबा नीम करौरी की लीलाओं से प्रेरित बताई जा रही हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ करीब दो करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई है। फिल्म को बाबा के भक्तों के साथ आम दर्शकों की ओर से भी पसंद किए जाने का दावा किया जा रहा है। फिल्म की सफलता के बाद इसके दूसरे भाग की तैयारियां शुरू होने की बात सामने आई है।
अनुप्रिया नागर ने कहा कि कम उम्र में प्रोड्यूसर के तौर पर फिल्म से जुड़ना और इसे दर्शकों का प्यार मिलना उनके लिए बाबा का आशीर्वाद है। उन्होंने कैंची धाम में दोबारा जल्द आने की इच्छा भी जताई।
इस दौरान कैंची धाम पहुंचे फिल्म के प्रशंसकों ने भी अनुप्रिया नागर से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की। आश्रम में कुछ समय बिताने के बाद वह स्वजनों के साथ भवाली के लिए रवाना हो गईं।