Uttarakhand

बदरीनाथ पहुंचे CM धामी, भगवान बदरी विशाल के किए दर्शन ; मातृशक्ति के साथ किया चाचणी नृत्य

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने दो दिवसीय ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार […]

Spread the love

प्रयाग भारत, चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने दो दिवसीय ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सेरेमोनियल ड्रेस में तैनात पुलिस जवानों ने सलामी देकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

बदरीनाथ धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री बामणी गांव स्थित मां नंदा देवी मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मातृशक्ति के साथ पारंपरिक चाचणी नृत्य में भी हिस्सा लिया।

बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ कथा महोत्सव में भी प्रतिभाग किया। इसके साथ ही उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आस्था पथ समेत अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बदरीनाथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा को भी बनाए रखना जरूरी है।

कथा महोत्सव में 150 से ज्यादा संत-साध्वी और 1200 हरिभक्त शामिल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में भी हिस्सा लिया। महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से ज्यादा हरिभक्त शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम की यात्रा अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। भगवान बदरीविशाल की कृपा और आशीर्वाद से इस पवित्र धाम में संतों और श्रद्धालुओं के बीच आयोजित कथा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

टूरिस्ट अराइवल प्लाजा, बदरीनाथ में आयोजित यह महोत्सव केंद्र सरकार के ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के तहत ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आधारित है। इसका उद्देश्य देश के प्रथम गांव माणा को सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक विकास के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और सीमांत जीवन की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना भी महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *