प्रयाग भारत , देहरादून : विजय पार्क में पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की वारदात में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घटना के पीछे सुनियोजित साजिश के संकेत सामने आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घर में काम करने वाले नौकर भरत ने महज 20 दिनों में परिवार का भरोसा हासिल कर वारदात की योजना तैयार की।
जांच में सामने आया है कि परिवार को नशीला पदार्थ खिलाने से लेकर साथियों को घर में बुलाने और वारदात के बाद फरार होने तक की तैयारी पहले से की गई थी।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच भरत ने परिवार के सदस्यों को खाना खिलाया। खाना खाने के कुछ समय बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम गहरी नींद में चले गए।
परिवार को अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाने में किस तरह का नशीला पदार्थ मिलाया गया था। पुलिस के अनुसार, भरत ने परिवार के पूरी तरह बेसुध होने का इंतजार किया और इसके बाद अपने साथियों को घर के अंदर बुला लिया।
रात 1:20 बजे खुली महिपाल सिंह की नींद
जांच के मुताबिक, रात करीब 1:20 बजे महिपाल सिंह की नींद घर में हो रही खटपट की आवाज से खुली। उन्होंने भरत के अलावा दो अन्य लोगों को घर के अंदर देखा। पूछने पर भरत ने उन्हें सो जाने और खुद काम करने की बात कही।
नशे के असर के चलते महिपाल सिंह दोबारा सो गए। इसके बाद आरोपियों ने घर में रखे सामान को खंगाला और लॉकर तोड़कर गहने, नकदी और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गए।
औजार लेकर घर पहुंचे थे आरोपी
पुलिस को आरोपियों की तैयारी से भी वारदात के पहले से योजनाबद्ध होने का शक है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथ सब्बल और रॉड जैसे औजार लेकर पहुंचे थे, जिनका इस्तेमाल लूट के दौरान किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने घर की स्थिति और परिवार की दिनचर्या के बारे में जानकारी जुटाई हो सकती है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
CCTV में पांच लोग जाते दिखे
वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पांच लोग घर से निकलकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि परिवार के किसी सदस्य ने उस समय विरोध किया होता, तो घटना और गंभीर रूप ले सकती थी। मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार जांच कर रही है।