Delhi NCR

Delhi के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, वेल्डिंग के दौरान उठी चिंगारी से भड़की लपटें; 6 दमकल गाड़ियां पहुंचीं

Summary

ख़बर शेयर करें -प्रयाग भारत, नई दिल्ली : Delhi राजधानी दिल्ली के रायसीना हिल स्थित ऐतिहासिक सरकारी इमारत नॉर्थ ब्लॉक में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इमारत के पीछे से गाढ़ा काला धुआं उठता दिखाई […]

प्रयाग भारत, नई दिल्ली : Delhi राजधानी दिल्ली के रायसीना हिल स्थित ऐतिहासिक सरकारी इमारत नॉर्थ ब्लॉक में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इमारत के पीछे से गाढ़ा काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से लगी आग

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, नॉर्थ ब्लॉक में तोड़ने और हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी पास में रखे एक टैंक पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि, आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली फायर सर्विसेज ने तुरंत कार्रवाई की। स्थिति को संभालने और आग बुझाने के लिए दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

धुआं देखकर लोगों में बढ़ी चिंता

नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से काला धुआं निकलने के बाद आसपास मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई। घटना उस समय सामने आई, जब शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा संसद जा रहे थे। उन्होंने इमारत के पीछे से धुआं उठता देखकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया।

देवड़ा ने अपने पोस्ट में बताया कि संसद जाते समय उन्होंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे गाढ़ा धुआं देखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी लोग सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तत्काल कार्रवाई कर रही होंगी।

कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय हैं मौजूद

रायसीना हिल पर स्थित नॉर्थ ब्लॉक देश की प्रमुख सरकारी इमारतों में शामिल है। यहां केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होते हैं, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के कार्यालय भी शामिल हैं।

ऐसी महत्वपूर्ण इमारत में आग लगने की सूचना के बाद दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। फिलहाल आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।