झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवेदन हुए शुरू, 1 अप्रैल तक भर सकते हैं फॉर्म
प्रयागभारत, नई दिल्ली: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की ओर से संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा (Jharkhand CET 2024) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। जो भी उम्मीदवार कृषि और इससे संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं वे इस एग्जाम में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
झारखंड सीईटी 2024 एग्जाम के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से JCECE बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जाकर भरा जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2024 निर्धारित की गयी है।
इन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
झारखंड सीईटी 2024 एग्जाम में शामिल होकर अभ्यर्थी बीवीएससी एवं एएच, बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, बीटेक (डेरी टेक्नोलॉजी), बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस, बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग) और बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
आवेदन कैसे करें
इस प्रवेश परीक्षा में आवेदन करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर विजिट करें और जेसीईसीईबी 2024 के लिंक पर क्लिक करें। यहां एग्रीकल्चर प्रोग्राम वाले लिंक पर क्लिक करें। यहां आप अप्लाई ऑनलाइन लिंक पर क्लिक करके मांगी गयी सभी जानकारी सही-सही भरकर एप्लीकेशन प्रॉसेस पूर्ण कर लें। अंत में अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें और पूर्ण रूप से भरे हुए फॉर्म का एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
आवेदन शुल्क
पीसीएम/ पीसीबी वाले अभ्यर्थियों को वर्गानुसार आवेदन शुल्क 900/ 450 रुपये जमा करना होगा वहीं पीसीएमबी वाले अभ्यर्थियों को वर्गानुसार आवेदन शुल्क 1000/ 500 रुपये जमा करना होगा। अभ्यर्थी आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क अवश्य जमा करें, बिना शुल्क के भरे गए फॉर्म स्वतः ही निरस्त हो जाएंगे। प्रवेश परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन का अवलोकन अवश्य कर लें।
