Uttarakhand

Pithoragarh में मौसम ने बदली करवट, आदि कैलाश-ओम पर्वत पर सीजन की पहली बर्फबारी; 11 सड़कें बंद

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, पिथौरागढ़ : Pithoragarh जिले में शुक्रवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। उच्च हिमालयी व्यास घाटी के आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी […]

Spread the love

प्रयाग भारत, पिथौरागढ़ : Pithoragarh जिले में शुक्रवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। उच्च हिमालयी व्यास घाटी के आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। नाभीढांग, गुंजी और कुटी समेत 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश जारी है।

बर्फबारी के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। केएमवीएन के नाभीढांग पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब चार बजे से रुक-रुककर हल्की बर्फबारी और बारिश हो रही है। नाभीढांग क्षेत्र करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

कुटी और गुंजी में भी गिर रही बर्फ

केएमवीएन गुंजी के प्रबंधक होशियार रावत ने बताया कि गुंजी क्षेत्र में भी हल्की बर्फबारी और बारिश हो रही है। 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फ गिरने से मौसम काफी ठंडा हो गया है।

करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल ने बताया कि आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ों पर बर्फबारी हो चुकी है। बारिश और बर्फ गिरने के बाद इलाके में ठंड का असर बढ़ गया है।

खराब मौसम के चलते आदि कैलाश यात्रा पर रोक

व्यास घाटी में इन दिनों आदि कैलाश यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। मौसम में अचानक बदलाव के कारण यात्रियों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। धारचूला तहसील प्रशासन ने शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया है।

एसडीएम आशीष जोशी के अनुसार, 20 से 25 सितंबर तक कुल 2,783 परमिट जारी किए जा चुके हैं। लगातार बारिश को देखते हुए शनिवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

बारिश से 11 सड़कें बंद

लगातार बारिश के कारण पिथौरागढ़ जिले में 11 सड़कें बंद हैं। इनमें घाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग, धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग, तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग, ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग, देविचौना-जमतड़ी मोटर मार्ग और सोबला-उमचिया मोटर मार्ग समेत अन्य सड़कें शामिल हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में लगातार बारिश के कारण 11 सड़कें बंद हैं। सड़कों को खोलने का काम जारी है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी

पिथौरागढ़ के साथ ही चमोली जिले में भी मौसम ने करवट बदली है। निचले इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है।

विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम और सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में भी सुबह से बर्फबारी देखने को मिली। बारिश और बर्फबारी के बाद दोनों धामों में तापमान गिर गया है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध व कोहरा छाया हुआ है।

बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब का नजारा बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है। यहां पहुंचे श्रद्धालु और यात्री बर्फबारी का आनंद लेते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि इस मौसम में हेमकुंड साहिब में यह दूसरी बर्फबारी है। फिलहाल बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *