किस्मत बदलने वाले Baba Neem Karori के दर पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, हाईवे तक लगी कतार
प्रयागभारत, गरमपानी : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम में भक्तों का तांता लग रहा है। बाबा नीम करौरी के उदघोष के साथ हजारों बाबा भक्त अपने गुरु के चरणों में शीश झुका रहे हैं। कैंची धाम में अब रोजाना ही पंद्रह जून को स्थापना दिवस जैसा नजारा दिखने लगा है। सुबह से मंदिर से हाईवे पर दूर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
सुबह पांच बजे से ही भीड़
किस्मत बदलने वाले बाबा के दर पर शीश झुकाने को देश विदेश से रोजाना श्रद्धालु आस्था के केंद्र कैंची धाम पहुंच रहे हैं। रविवार को सुबह पांच बजे से ही बाबा भक्त मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। क्षेत्र में बनी पर्यटन विभाग समेत तीन निजी पार्किंग भी सात बजे तक फुल हो गई। दिन चढ़ने के साथ ही आस्था का सैलाब उमड़ा।
भीड़ का नजारा अब कैंची धाम में रोजाना
हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौरी के जयकारों संग बाबा के दर पर मत्था टेका। सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की। सूर्य देव ने श्रद्धालुओं की खूब परीक्षा ली पर बाबा भक्त तेज धूप में भी कतारबद्ध होकर खड़े रहे। अमूमन मंदिर के स्थापना दिवस पर दिखने वाला भीड़ का नजारा अब कैंची धाम में रोजाना हो गया है।
हजारों श्रद्धालुओं ने मत्था टेका
खबर लिखे जाने तक हजारों श्रद्धालुओं ने अपने गुरु के चरणों में मत्था टेका। मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य दिन भर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। सीओ भवाली संदीप पांडे, कोतवाल डीआर वर्मा, चौकी प्रभारी रामगढ़ दिलीप कुमार, खैरना के धर्मेंद्र कुमार, कैंची के कृष्णा गिरी, पूजा मेहरा, महेंद्र पाल तथा सीपीयू के विक्की कुमार व केदार सिंह दिन भर मुस्तैद रहे।
