बाज नहीं आ रहा चीन, ताइवान सीमा में ड्रैगन के 10 युद्धपोत और 13 फाइटर जैट हुए ट्रैक
प्रयागभारत, ताइपे: ताइवान और चीन के बीच तनातनी खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। ताइवान रक्षा मंत्रालय ने ताइवान के आसपास एक बड़ी चीनी सैन्य स्थिति को ट्रैक किया। बता दें कि ताइवान ने अपने आसपास के क्षेत्र में 13 चीनी सैन्य विमानों,10 नौसैनिकों और 4 तट रक्षक जहाजों को ट्रैक किया।
मंत्रालय के बयान के अनुसार, चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 13 विमान,चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी (पीएलएएन) के 10 जहाज और चीन कोस्ट गार्ड (सीसीजी) के चार जहाज को देश भर में ऑपरेट करते देखे गए।
इनमें से 11 विमान मध्य रेखा को पार कर देश के दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में एंटर कर गए। ‘ताइवान के आसपास सक्रिय 13 पीएलए विमान, 10 पीएलएएन जहाज और 4 सीसीजी जहाजों का आज सुबह 6 बजे (यूटीसी+8) पता चला। 11 विमान मध्य रेखा को पार कर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी एडीआईजेड (एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन) में एंटर कर गए।’ ताइवान के एमएनडी ने एक्स पर एक पोस्ट में ये बात शेयर की है।
इससे पहले ट्रैक किए गए थे इतने विमान
इससे पहले, ताइवान ने 29 मई को सुबह 6 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे के बीच ताइवान के आसपास 38 चीनी सैन्य विमानों,सात नौसैनिक जहाजों और चार तट रक्षक जहाजों को ट्रैक किया था। ताइवान ने विमानों, नौसैनिक जहाजों और तटीय-आधारित मिसाइल प्रणालियों के साथ पीएलए संचालन को मॉनिटर करके जवाब दिया। बता दें कि सितंबर 2020 से, चीन ने ताइवान के आसपास परिचालन करने वाले सैन्य विमानों और नौसैनिक जहाजों की संख्या में बढ़ोतरी करके ग्रे जोन रणनीति के इस्तेमाल को बढ़ा दिया है।
धमकी देता है चीन
ताइवान पर कभी शासन नहीं करने के बावजूद, चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी इसे अपने क्षेत्र का हिस्सा मानती है और जरूरत पड़ने पर इसे जीतने की धमकी भी देती है। जानकारी के लिए बता दें कि पिछले हफ्ते चीन की तरफ से किया जाना वाला अभ्यास अब तक का सबसे बड़ा अभ्यास था। साथ ही ये अभ्यास ताइवान द्वारा अपने नए राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के शपथ लेने के कुछ ही दिनों बाद हुआ।
