लोकेशन देखने के लिए शख्स ने जेब से निकाला मोबाइल, ले उड़ा बाइक सवार बदमाश
प्रयाग भारत, पूर्वी दिल्ली : गीता कॉलोनी इलाके में एक शख्स से मोटरसाइकिल सवार बदमाश मोबाइल ले उड़ा। वारदात के वक्त पीड़ित अपने मोबाइल में लोकेशन देख रहा था। गीता कॉलोनी थाना ने राजदीप की शिकायत पर प्राथमिकी की है।
राजदीप अपने परिवार के साथ नोएडा में रहता है। वह मोटरसाइकिल से नोएडा से जामा मस्जिद खाना खाने जा रहा था, रास्ते में मोटरसाइकिल रोककर लोकेशन देख रहा था। पीछे से बदमाश आया और झपट्टा मारकर मोबाइल ले उड़ा। बदमाश की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
वारदात करने की फिराक में घूम रहा आरोपित चाकू सहित पकड़ा
उधर, उत्तरी दिल्ली की सदर बाजार थाना पुलिस ने गश्त के दौरान वारदात करने की फिराक में घूम रहे एक आरोपित को चाकू सहित पकड़ा है। पकड़े गए आरोपित की पहचान महेंद्र निवासी पहाड़ गंज के रूप में हुई है। सदर बाजार थाना पुलिस को शनिवार रात लगभग 11 बजे स्वर्ण वाली के सामने रामकुमार वर्मा मार्ग मोतिया खान मार्ग पर एक युवक देख भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने भाग कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसकी पैन्ट की दाहिनी जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। बरामद चाकू के दस्ते पर अंग्रेजी में रामपुर लिखा हुआ था और दस्ते पर अंग्रेजी में धातु का स्कैच बटन लगा है जिसकी मदद से चाकू खुलता व बन्द होता है । पकड़े गए आरोपित की पहचान 23 वर्षीय महेंद्र निवासी डबल स्टोरी मोतिया खान, पहाड़ गंज के रूप में हुई है।
आरोपित इलाके में वारदात करने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर उससे आगे की पूछताछ कर रही है और उसके पुराने अपराधिक रिकार्ड का पता लगाया जा रहा है।
