पिता-चाचा ने की 12वीं की छात्रा की हत्या, डीजल डालकर जलाई लाश; दोनों गिरफ्तार
प्रयागभारत, बीसलपुर: इंटरमीडिएट की छात्रा के लापता होने की स्वजन ने फर्जी जानकारी दी थी। उसकी पिता-चाचा ने हत्या कर दी थी और शव को डीजल डालकर जलाया था। पुलिस ने आज दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अभी तक की पूछताछ में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि छात्रा की हत्या किस वजह से की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनगवां निवासी राजीव कुमार ने आठ मार्च को सुबह कोतवाली में अपनी बेटी सीमा गंगवार के लापता हो जाने की सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज की थी। सीमा भगवान दास गेंदन लाल इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी।
जांच में पुलिस को पता चला की सीमा गंगवार की हत्या उसके पिता राजीव कुमार और चाचा संजय कुमार ने घर में ही करने के बाद उसके शव को डीजल डालकर जलाया था। गांव के नजदीक अमेडी नदी के किनारे गड्ढा खोदने के बाद शव को दफन कर दिया था।
पुलिस की पूछताछ में उगला सच
बुधवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने घर जाकर पिता व चाचा से कड़ाई के साथ पूछताछ तो उन्होंने सच उगल दिया। पुलिस के अनुसार, राजीव ने बताया कि उन्होंने ही बेटी की हत्या अपने भाई के सहयोग से घर के कमरे में करने के बाद उसके शव पर डीजल डालकर जलाया था। पुलिस ने नदी के किनारे गड्ढे से छात्रा के शव को निकलवा लिया।
पत्नी की भी की थी हत्या
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग का है। राजीव ने अपनी पत्नी नन्ही देवी की वर्ष 2008 में हत्या कर दी थी। इसके पश्चात वह दहेज हत्या के मामले में 10 वर्ष सजा काटकर वर्ष 2016 में जेल से बाहर आया था।
