Uttara Pradesh

Ayodhya Deepotsav-2026 में रामायण थीम से सजेगी अयोध्या, 56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख दीये

Summary

ख़बर शेयर करें -लखनऊ: Ayodhya Deepotsav-2026 के दौरान अयोध्या के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर भव्य सजावट देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इसके लिए […]

लखनऊ: Ayodhya Deepotsav-2026 के दौरान अयोध्या के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर भव्य सजावट देखने को मिलेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। रामनगरी में सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट और मंचों के साथ राम रथ व पुष्पक विमान की झलक भी देखने को मिलेगी। वहीं, सरयू की लहरों पर आकर्षक फ्लोटर्स दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे।

अयोध्या में छह से आठ नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात नवंबर को मुख्य आयोजन होगा, जिसमें रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे।

10 प्रमुख स्थानों पर लगेंगे थीम आधारित वे-फाइंडर

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या में करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इन्हें प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास स्थापित किया जाएगा।

इन वे-फाइंडर के जरिए लोगों को संबंधित स्थानों की जानकारी और दिशा-निर्देश मिल सकेंगे। इसके अलावा वर्टिकल स्क्रीन के माध्यम से भी स्थानों से जुड़ी जरूरी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे सेल्फी प्वाइंट

दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक इंस्टॉलेशन की थीम, डिजाइन और निर्माण शैली अलग होगी।

इन सेल्फी प्वाइंट में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। त्रि-आयामी कलाकृतियां आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाएंगी।

इसी क्रम में लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक विभिन्न कलात्मक स्थापनाएं यानी आर्ट इंस्टालेशन तैयार किए जाएंगे।

नए कलेवर में नजर आएगा रामकथा पार्क का मंच

रामकथा पार्क का स्थायी मंच भी दीपोत्सव के दौरान नए कलेवर में नजर आएगा। यहां हाई क्वालिटी ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था के साथ एलईडी स्क्रीन और थीम आधारित रंगीन कपड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा।

मंच के दोनों ओर सीढ़ियां, पुष्प सज्जा, रंगोली, पर्दे और बैठने की व्यवस्था की जाएगी। मौजूदा ढांचे को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार किया जाएगा। पार्क के प्रवेश और निकास को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी गेट भी बनाए जाएंगे।

प्रत्येक द्वार का डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगा।

10 भव्य द्वार देंगे दीपोत्सव की झलक

दीपोत्सव-2026 में अयोध्या के प्रवेश मार्ग भी नए रंग-रूप में नजर आएंगे। शहर के प्रमुख हाईवे और धर्म पथ पर रामायण की थीम से सजे 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे।

लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से अयोध्या आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर बनाए जाने वाले इन द्वारों की अलग-अलग पहचान होगी। आकर्षक डिजाइन, थीम आधारित सजावट और रोशनी से सजे ये प्रवेश द्वार अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दीपोत्सव की भव्यता का एहसास कराएंगे।

पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास आकर्षण

राम की पैड़ी के निकट पुष्पक विमान थीम पर रोड साइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा, जो प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। रामायण की कथा को जीवंत करने के लिए राम रथ और झांकी भी तैयार की जाएगी।

राम की पैड़ी के पास राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी। वहीं, रामकथा पार्क के समीप हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे।

प्रमुख मार्गों पर फ्लैग पोल लगाकर आयोजन की भव्यता बढ़ाई जाएगी। सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान खींचेंगे।

रामायण के प्रसंगों पर आधारित होंगी स्थापनाएं

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की भव्यता के साथ उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामायण थीम पर होने वाली सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं व पर्यटकों को रामनगरी के दिव्य और भव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात के अनुसार, दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।

शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों पर आधारित आकर्षक स्थापनाएं तैयार की जाएंगी। इनमें लंका कांड समेत रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।