Uttarakhand

CM धामी ने 101 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, पशुपालन और गन्ना विभाग में मिली सरकारी नौकरी

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 101 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें पशुपालन विभाग के 88 […]

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 101 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें पशुपालन विभाग के 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युवाओं की मेहनत का परिणाम है नियुक्ति

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र हासिल करना युवाओं की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के साथ ही युवाओं की जनसेवा की नई यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपने ज्ञान, ऊर्जा और नए विचारों का इस्तेमाल करते हुए सरकारी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली से दूसरों के लिए उदाहरण पेश करना चाहिए।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हैं दोनों विभाग

सीएम धामी ने कहा कि पशुपालन और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हुए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। इसके साथ ही यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य सरकार पशुपालन को रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के माध्यम से पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पशुपालकों को अनुदान पर गाय, बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की इकाइयां उपलब्ध कराने के साथ कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।

गन्ना किसानों के लिए भी सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों को लेकर भी प्रतिबद्ध है। गन्ना सर्वेक्षण की प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत गन्ना प्रजातियों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक और परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।

जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों और पशुपालकों के साथ नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिक को सरकारी काम के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। कर्मचारियों को ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *