Uttarakhand Politics : कुमारी सैलजा के सामने भिड़े कांग्रेस नेता, मुन्ना ढेक का ऐलान- खुशाल अधिकारी को टिकट मिला तो लड़ूंगा निर्दलीय चुनाव
Summary
ख़बर शेयर करें – प्रयाग भारत , खटीमा : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर राजनीतिक खींचतान तेज होने लगी है। चंपावत जिले के लोहाघाट में बुधवार को आयोजित पार्टी की जनसभा के बाद नेताओं […]
More On prayag bharat
- Roorkee के मसाई कलां में सड़क को लेकर ग्रामीणों का चुनाव बहिष्कार, लगाए ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के बैनर
- Uttarakhand : गैरसैंण प्रदर्शन में रेजर तारों से घायल प्रदर्शनकारियों का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, सरकार से 4 हफ्ते में मांगा जवाब
- Badrinath Dham से शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुईं देव डोलियां, पांडुकेश्वर पहुंचीं उद्धव-कुबेर जी की डोलियां
- Dehradun लूटकांड में फरार आदित्य का वीडियो वायरल, बोला- मुझे थैले में पशुओं के अंग होने की दी गई थी जानकारी
- Delhi के रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शनों पर लगेंगी नई पाबंदियां, 50 हजार लोगों की तय होगी सीमा
प्रयाग भारत , खटीमा : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर राजनीतिक खींचतान तेज होने लगी है। चंपावत जिले के लोहाघाट में बुधवार को आयोजित पार्टी की जनसभा के बाद नेताओं के बीच विवाद सामने आ गया। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए और कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।
विवाद के बीच मुन्ना ढेक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर कांग्रेस ने 2027 के चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को दोबारा टिकट दिया तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।
जनसभा के बाद आमने-सामने आए कांग्रेस के नेता
दरअसल, बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से विशाल जनसभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के अलावा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और विधायक भुवन कापड़ी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
इस जनसभा के जरिए कांग्रेस नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का संदेश देने की कोशिश की। लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी सार्वजनिक हो गई।
मंच पर सम्मान नहीं मिलने से नाराज थे मुन्ना ढेक
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और उनके समर्थक जनसभा के दौरान उचित सम्मान नहीं मिलने से नाराज थे। मुन्ना ढेक का आरोप था कि उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को जुटाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मंच पर अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।
इसी नाराजगी को लेकर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनकी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर विधायक को वहां से निकलना पड़ा।
मुन्ना ढेक ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
हंगामे के बीच मुन्ना ढेक ने अपनी राजनीतिक मंशा भी साफ कर दी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को प्रत्याशी बनाती है तो वह पार्टी के फैसले के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
इस बयान के बाद लोहाघाट की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। मुन्ना ढेक के समर्थकों ने भी अपने नेता के सम्मान और राजनीतिक भविष्य को लेकर नाराजगी जाहिर की। वहीं, विवाद के दौरान कुछ महिलाओं ने विधायक पर धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगाए हैं।
कुमारी सैलजा ने सार्वजनिक विवाद पर जताई नाराजगी
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस व्यवहार को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को कार्यक्रम या संगठन से जुड़ी कोई शिकायत थी तो उसे पार्टी के मंच पर रखा जा सकता था।
सैलजा के मुताबिक, नाराजगी जाहिर करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की जा सकती थी, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस तरह विवाद करना सही नहीं है।
चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे समय में लोहाघाट में सामने आई कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान ने संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक ओर कांग्रेस नेतृत्व कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर टिकट को लेकर नेताओं की दावेदारी और आपसी नाराजगी सामने आने लगी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद को किस तरह सुलझाता है और लोहाघाट सीट पर टिकट को लेकर आगे क्या रणनीति अपनाई जाती है।