देहरादून में युवक के साथ बर्बरता का आरोप, अगवा कर करंट लगाने और प्रताड़ित करने का मामला दर्ज
Summary
Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून : राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच […]
प्रयाग भारत, देहरादून : राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित तौर पर बर्बरता और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस पुरानी रंजिश के पहलू को भी ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
पीड़ित युवक, जो जाखन क्षेत्र का रहने वाला है, ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई की शाम वह लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सवार अंकुर वाल्मीकि ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर गए, जिसके बाद आरोपी और उसका साथी साहिल कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करने लगे। युवक का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की, दांतों से काटा और जबरन अपने साथ ले गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसे निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित एक दुकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उसके साथ गंभीर मारपीट की गई और उसे करंट लगाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके शरीर को गर्म लोहे की रॉड से दागा और उसे गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने परिजनों तक पहुंचा, जिसके बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अंकुर वाल्मीकि और साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।