Uttarakhand

DAV छात्रसंघ चुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट हिरासत में, कांग्रेस ने लगाया पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : DAV PG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे कॉलेज कैंपस से डिटेन किया और बाद में रायपुर थाने ले गई।

इससे पहले विनीत प्रसाद भट्ट के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में भी दबिश दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, विनीत प्रसाद पुलिस को चकमा देकर कांग्रेस भवन की छत से उतरकर निकल गए थे और बाद में उन्हें DAV PG कॉलेज से हिरासत में लिया गया।

मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस और प्रशासन पर छात्रसंघ चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थित छात्र नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल कर विपक्षी छात्र संगठनों पर दबाव बनाया जा रहा है।

वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने भी कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस विनीत प्रसाद भट्ट के साथ मजबूती से खड़ी है। दूसरी ओर, पुलिस की कार्रवाई गैर-जमानती वारंट से जुड़ी बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *