new delhi

Virat Kohli Premanand Maharaj से मिलने के लिए मिले थे ₹5 करोड़? प्रवक्ता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

Summary

ख़बर शेयर करें – प्रयाग भारत, नई दिल्ली:Virat Kohli, Premanand Maharaj Ji से जुड़ा एक दावा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। ‘फलाहारी महाराज’ के नाम से चर्चित दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि विराट कोहली को 2023 में […]

प्रयाग भारत, नई दिल्ली:Virat Kohli, Premanand Maharaj Ji से जुड़ा एक दावा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। ‘फलाहारी महाराज’ के नाम से चर्चित दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि विराट कोहली को 2023 में पहली बार प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित आश्रम में आने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए थे। अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया है।

विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से बुधवार को जारी बयान में कहा गया कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से किए गए दावे तथ्यों के लिहाज से गलत हैं। प्रवक्ता ने कहा कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी आस्था और सम्मान के कारण उनसे मिलने जाते हैं।

प्रवक्ता ने मीडिया से भी अपील की कि इस तरह के दावों या बयानों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच की जाए और जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की जाए।

क्या है ₹5 करोड़ से जुड़ा दावा?

यह पूरा मामला जनवरी 2023 में विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज के वृंदावन आश्रम में हुई पहली यात्रा से जुड़ा है। बताया गया है कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे एक पत्र में इस संबंध में आरोप लगाए थे।

दावे में कथित तौर पर कहा गया कि एक प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी और राजस्थान की एक निजी कंपनी ने विराट कोहली की आश्रम यात्रा का इंतजाम करने के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए थे। दावा यह भी किया गया कि इसके पीछे विराट कोहली की लोकप्रियता से प्रेमानंद महाराज की पहचान और लोकप्रियता बढ़ाने का उद्देश्य था।

हालांकि, अब तक ऐसा कोई दस्तावेजी सबूत सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए पांच करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।

प्रेमानंद महाराज से कई बार मिल चुका है कपल

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी आस्था और सम्मान सार्वजनिक रूप से जाहिर कर चुके हैं। दोनों 2023 में पहली बार वृंदावन स्थित आश्रम पहुंचे थे। इसके बाद भी वे कई मौकों पर प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे।

विराट कोहली ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया था। इस साल भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा उनके आश्रम पहुंच चुके हैं। इसी बीच पांच करोड़ रुपये से जुड़े दावे के सामने आने के बाद कोहली के प्रवक्ता ने इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।