Uttara Pradesh

हांफ गया नगर निगम और शाम तक लोगों ने झेली परेशानी, महानगर की सड़कों पर भरा पानी

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, उत्तर प्रदेश;झमाझम बारिश से महानगर में सोमवार को जलभराव हो गया है। मुख्य मार्ग, बाजार, कॉलोनी या फिर गली-मोहल्लों में दिनभर पानी भरा रहा। जलनिकासी कराने में निगम हांफ गया तो अधिकारियों को सड़क पर उतरना […]

Spread the love
प्रयाग भारत, उत्तर प्रदेश;झमाझम बारिश से महानगर में सोमवार को जलभराव हो गया है। मुख्य मार्ग, बाजार, कॉलोनी या फिर गली-मोहल्लों में दिनभर पानी भरा रहा। जलनिकासी कराने में निगम हांफ गया तो अधिकारियों को सड़क पर उतरना पड़ा।वार्ड-50 में नाले ओवरफ्लो, सड़क पर गंदगी और जलभराव की जानकारी पर महापौर, नगर आयुक्त निगम टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाए कि नाला सफाई न होने के चलते पहली बारिश ने ही निगम की व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। वहीं, शहर की सड़कों पर गड्ढाें के चलते कई वाहन फिसल कर लोग घायल हुए हैं।
खैरनगर, बुढ़ाना गेट, भैसाली ग्राउंड के पास व दिल्ली रोड सहित शहर के अधिकांश इलाकों में दो फीट तक सड़क पर पानी भरा था। शहर में बारिश के चार घंटे बाद भी कई जगहों पर पानी नहीं निकला। बारिश के बाद लोगोंं ने निगम अधिकारियों को फोन किया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
पल्लवपुरम फेस-2 में रात 8 बजे तक एक इंच भी पानी कम नहीं हुआ है। लिसाड़ीगेट व ब्रह्मपुरी की मलिन बस्ती में जलभराव के चलते लोगों का निकलना दुश्वार हो गया। सड़क पर गंदगी का बुरा हाल गया गया।
बारिश के चलते कूड़ा गाड़ी नहीं पहुंचने पर कई जगह पर लोगों ने सड़क पर कचरा फेंक दिया। लोगों ने हंगामा किया, तब जाकर निगम नींद से जागा। यातायात प्रभावित हो गया और मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी। नगर निगम को 10 से ज्यादा जगह पर जलनिकासी के लिए पंप लगाने पड़ गए।
सपाइयों ने सड़क पर भरे पानी में लगा दी धान
हापुड़ रोड स्थित शास्त्रीनगर, काजीपुर और लोहियानगर सहित कई जगहों पर जलभराव के हालात देखकर सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ सोमवार को हंगामा कर दिया। सड़क पर भरे पानी में सपा कार्यकर्ता बैठ गए और फिर वहां पर धान लगाना शुरू कर दिया।
सपा नेता गौरव काजीपुर ने बताया कि उन्होंने 10 दिन पहले ही ऐलान किया था जो बरसात से पहले ही सफाई व्यवस्था कर लें। बाबा धनसिंह कोतवाल गुर्जर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पास शास्त्री नगर से काजीपुर गांव को एक सड़क जोड़ती है। जिस पर अनगिनत गड्ढे हैं।
गड्ढों में गिरकर लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। 10 से ज्यादा दोपहिया वाहन चालक जख्मी हुए है। वहां पर सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे पानी में धान लगाकर नाराजगी भी जताई है।
महापौर और नगर आयुक्त सड़क पर निकले
बरसात के बाद जलभराव की जानकारी मिलने पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने शहर का जायजा लिया। वार्ड- 50 पांडवनगर में जलभराव की समस्या आने पर महापौर और नगर आयुक्त ने जेल चुंगी स्थित नाले का निरीक्षण किया।
स्थानीय पार्षद संजय सैनी द्वारा अवगत कराया गया कि ग्रीन बेल्ट के कारण नाला सफाई में समस्या उत्पन्न हो रही है। जिसके कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बनी है। महापौर द्वारा निगम अधिकारियों को ग्रीन बेल्ट के निकट सफाई बॉब कैट मशीन से व जरूरत पड़ने पर मैन्युअली कराए जाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *