Uttarakhand

Kedarnath Yatra मार्ग पर बड़ा हादसा टला, खाई में लटक गई श्रद्धालुओं से भरी बस

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, रुद्रप्रयाग : Kedarnath Yatra उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फाटा के पास जामू क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे […]

Spread the love

प्रयाग भारत, रुद्रप्रयाग : Kedarnath Yatra उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फाटा के पास जामू क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई की ओर लटक गई। राहत की बात यह रही कि बस पैराफिट के अवशेषों में फंस गई, जिससे उसमें सवार सभी 22 तीर्थयात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालु बस में सवार होकर केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। सुबह करीब चार बजे बस जामू स्थित होटल से रवाना हुई थी। जामू हेलीपैड के निकट एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से बाहर निकलकर खाई की ओर झुक गई।

अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के खाई की ओर झुकते ही लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन चालक ने धैर्य नहीं खोया। उसने तुरंत यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही मिनटों में सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर सकती थी। यदि पैराफिट के पत्थर बस को सहारा न देते, तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। ग्रामीणों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।

घटना की सूचना मिलते ही फाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही बस को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी सहायता के लिए मौके पर पहुंचे।

फाटा चौकी प्रभारी दिनेश सती ने बताया कि दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। वहीं, चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने संभावित बड़े हादसे को टालते हुए 22 लोगों की जान बचा ली, जिसकी यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *