Uttarakhand

Dehradun : घर में घुसकर वकील को मारी गोली, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun के शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक […]

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun के शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय साहिल अपने भाई के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से वहां पहुंचे और साहिल को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे बचाने की कोशिश में जुटे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पटेलनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और पूर्व नियोजित साजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बैरागीवाला क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस टीम हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *