CBSE Answer Sheet के आरोप पर गरमाई सियासत, यशपाल आर्य ने सरकार को घेरा
प्रयाग भारत, देहरादून : CBSE Answer Sheet देहरादून में एक छात्र द्वारा सीबीएसई की उत्तर पुस्तिका बदलने का आरोप लगाए जाने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्र का दावा है कि उसकी फिजिक्स की आंसर शीट बदली गई है और उसमें लिखी हैंडराइटिंग भी उसकी नहीं है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर पहले से ही विवाद जारी है। अब इस नए आरोप ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर बहस तेज कर दी है।
विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार और शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले पेपर लीक, फिर भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और अब सीबीएसई की उत्तर पुस्तिका बदलने जैसे आरोप बेहद गंभीर हैं।
यशपाल आर्य ने कहा, “देश का युवा आखिर किस पर भरोसा करे ? लगातार परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। सरकार को इस मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।”
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। वहीं, मामले की जांच की मांग भी तेज हो गई है।
