Rudrapur: बार संचालक की मौत पर उठे सवाल, सड़क हादसा या साजिश? परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक की पहचान 56 वर्षीय संजय शर्मा के रूप में हुई है, जो रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र के निवासी थे और शहर में दो बार का संचालन करते थे। जानकारी के अनुसार देर रात वह अपने प्रतिष्ठान को बंद करने के बाद कर्मचारियों को उनके घर छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी कार एक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के एयरबैग भी खुल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजय शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों ने दुर्घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि संजय शर्मा के शरीर पर मिले कुछ गहरे घाव सामान्य सड़क दुर्घटना से मेल नहीं खाते। इसी आधार पर उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले बार परिसर में कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद प्रतिष्ठान पर पथराव भी किया गया था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। परिवार को आशंका है कि हालिया घटना का संबंध उसी विवाद से हो सकता है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम के साथ अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण भी कराए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एक्स-रे और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सड़क दुर्घटना और हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।