Rampur Crime : घर के बाहर आ गया पशु तो पड़ोसी युवक ने खोया आपा, युवक को चाकू मार मौत के घाट उतारा
प्रयागभारत, सैफनी: रास्ते मे पशु को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक की मृत्यु हो गई। स्वजन शव को लेकर थाने पहुंच गए। स्वजन आरोपित को उनके हवाले करने मांग करने लगे। काफी देर तक थाने में हंगामे की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना पाकर सीओ भी थाने पहुंच गए। उन्होंने भी कारवाई का आश्वासन देते हुए स्वजन को समझाने का प्रयास किया। मगर स्वजन अपनी जिद पर अड़े रहे, इस पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं करना पड़ा।
मामला नगर के चौराहे वाली मुहल्ले का है। पीड़ित राहुल के स्वजन ने बताया कि गुरुवार शाम उसके घर में बंधी कटिया खूंटे से खुलकर घर के बाहर खड़ी हो गई। इसी बीच मुहल्ले का ही अजीत पांडे वहां से बाइक से गुजरा। पशु रास्ते मे देख वह गाली गलौज करने लगा। तभी घर में से राहुल भी बाहर आया और गाली गलौज का विरोध करने लगा।
दोनों में विवाद होता देख मुहल्ले के अन्य लोग भी मौके पर आ गए और समझा बुझाकर दोनों पक्षों को घरों को भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद अजीत व उसके साथ अन्य स्वजन पीड़ित के घर के दरवाजे पर आ गए। इसी बीच राहुल पर चाकू से वार कर दिया। वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
आनन फानन में स्वजन घायल को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां, उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर स्वजन शव को लेकर थाने पहुंच गए। युवक की हत्या की खबर सुनकर मुहल्ले के काफी लोग भी थाने पहुंच गए और आरोपितों को पकड़कर स्वजन के हवाले करने पर अड़ गए। भीड़ को देख पुलिस भी अलर्ट हो गई। सूचना पाकर शाहबाद सीओ अतुल कुमार पांडे भी थाने पहुंच गए। सीओ ने भी स्वजन को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक थाने पर हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस को लाठी भांजनी पड़ीं।