कपाट खुलते ही बिगड़ी व्यवस्था, केदारनाथ में हेलीकॉप्टर सेवा बाधित
प्रयाग भारत, केदारनाथ धाम: Kedarnath Heli एक ओर जहां कपाट खुलते ही आस्था का सैलाब उमड़ा, वहीं यात्रा के पहले ही दिन व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। हेलीकॉप्टर सेवा बाधित होने से सैकड़ों श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, हेली सेवाएं तय समय पर शुरू नहीं हो सकीं। सुबह 6 बजे से निर्धारित उड़ानों को करीब 9 बजे तक भी केदारनाथ में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई, जिससे पूरी सेवा प्रभावित रही। कई यात्रियों का कहना है कि सुबह 11 बजे तक एक भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।
सिरसी हेलीपैड पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। उड़ानें रद्द होने के कारण कई श्रद्धालु निराश होकर वापस लौट गए, जबकि सैकड़ों लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
हेली सेवा संचालित करने वाली कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि ऑपरेशनल पाबंदियों के कारण कई फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। यात्रियों से माफी मांगते हुए कंपनी ने एक सप्ताह के भीतर टिकट राशि लौटाने का आश्वासन दिया है।
वहीं, इस अव्यवस्था के पीछे वीआईपी मूवमेंट को बड़ी वजह माना जा रहा है। अधिक वीआईपी आवाजाही के चलते सामान्य उड़ानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिससे आम श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी।
हर साल यात्रा से पहले बेहतर व्यवस्थाओं के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहले ही दिन सामने आई इन समस्याओं ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि वीआईपी और आम यात्रियों के बीच संतुलन बनाया जाए और व्यवस्थाओं को तुरंत सुधारा जाए।
