11 मंत्रियों को जिलों की कमान, अब ऐसे होगा उत्तराखंड का विकास
प्रयाग भारत, देहरादून: धामी सरकार ने अपने मंत्रियों को जिलों में जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति तथा विकास कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंप दी है. राजभवन की मंजूरी के बाद कुल 11 मंत्रियों को ये जिम्मेदारी दी गई है. ये मंत्री राज्यपाल से मिली अनुमति के बाद अब इन जिलों के विकास कार्यों की निगरानी करेंगे.
सतपाल महाराज हरिद्वार के जिला प्रभारी बने: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को हरिद्वार जिले का प्रभारी बनाया गया है. हरिद्वार में 2027 में अर्धकुंभ होना है. अर्धकुंभ में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार आएंगे. इस कारण से सतपाल महाराज की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. सतपाल महाराज के पास अभी लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, सामान्य प्रशासन विभाग और भारत-नेपाल उत्तराखंड नदी परियोजनाएं जैसे मंत्रालय हैं.

गणेश जोशी टिहरी और रुद्रप्रयाग के जिला प्रभारी बने: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को दो जिलों का प्रभारी बनाया गया है. वो टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के प्रभारी बने हैं. रुद्रप्रयाग जिले से हाल ही में भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. गौरतलब है कि अगले महीने से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है. चारधाम यात्रा के समय केदारनाथ में ही सबसे ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. गणेश जोशी जोशी के पास अभी कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान एवं कृषि प्रसंस्करण, उद्यान एवं फलोद्योग, रेशम विकास और सैनिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय भी हैं.
धन सिंह रावत को अल्मोड़ा जिले का प्रभार: डॉक्टर धन सिंह रावत को अल्मोड़ा जिले का प्रभारी बनाया गया है. धन सिंह से अभी हुए कैबिनेट विस्तार के समय स्वास्थ्य मंत्रालय वापस ले लिया गया था. फिलहाल धन सिंह के पास विद्यालयी शिक्षा (बेसिक एवं माध्यमिक), संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता विभाग हैं.
सुबोध उनियाल को देहरादून का जिला प्रभारी बनाया गया: कैबिनेट विस्तार के समय हैवीवेट हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को देहरादून जिले का प्रभारी बनाया गया है. उनियाल देहरादून जिला नियोजन और अनुश्रवण समिति के साथ यहां के विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे. सुबोध उनियाल के पास अभी वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग हैं.
सौरभ बहुगुणा को उत्तरकाशी जिले का प्रभारी बनाया गया: सौरभ बहुगुणा को उत्तरकाशी जिले का प्रभारी बनाया गया है. अभी तक वो रुद्रप्रयाग जिले के प्रभारी थे. सौरभ बहुगुणा के पास अभी पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग हैं.
खजान दास नैनीताल के जिला प्रभारी बने: खजान दास को रेखा आर्या की जगह नैनीताल जिले का प्रभार सौंपा गया है. खजान दास करीब 15 साल बाद फिर से कैबिनेट मंत्री बने हैं. खजान दास के पास समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा जैसे मंत्रालय हैं.
भरत चौधरी को चमोली और चंपावत का प्रभार: रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनते ही दो-दो जिलों का प्रभारी बना दिया गया है. चौधरी चमोली और चंपावत जिलों के प्रभारी बनाए गए हैं. भरत चौधरी के पास ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग हैं.
मदन कौशिक को पौड़ी जिले का प्रभार: हरिद्वार विधायक और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को उत्तराखंड की वीवीआईपी जिले पौड़ी की जिम्मेदारी दी गई है. मदन कौशिक के पास पंचायतीराज, आपदा प्रबन्धन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना विभाग हैं. अब वो पौड़ी जिले के विकास कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे.
प्रदीप बत्रा को ऊधम सिंह नगर जिले का प्रभार: नए-नए कैबिनेट मंत्री बने प्रदीप बत्रा को ऊधम सिंह नगर जैसे भारी-भरकम जिले का प्रभारी बनाया गया है. बत्रा रुड़की से विधायक हैं. प्रदीप बत्रा के पास परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी जैसे मंत्रालय हैं.
राम सिंह कैड़ा को बागेश्वर जिले की जिम्मेदारी: भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा को बागेश्वर जिले की कमान सौंपी गई है. कैड़ा भी पहली बार मंत्री बने हैं. कैड़ा के पास अभी शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबन्धन जैसे मंत्रालय हैं.
