Uttarakhand

Roorkee Car Accident: तेज रफ्तार आई-10 ने मारी कई गाड़ियों को टक्कर, चालक पर नशे का शक

Spread the love

प्रयाग भारत, रुड़की : Roorkee Car Accident हरिद्वार जिले के रुड़की में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, आई-10 कार बीएसएम कॉलेज की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के पास एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मालवीय चौक के पास कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। कार में एक युवती के मौजूद होने की भी बात सामने आई है।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *