Burari में सिलिंडर विस्फोट के बाद मकान ढहा, 11 लोग घायल, राहत-बचाव अभियान चला
प्रयाग भारत, नई दिल्ली: Burari राजधानी दिल्ली स्थित मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह सिलिंडर विस्फोट के बाद एक मकान अचानक ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, इशु विहार, मुकुंदपुर फेज-2 में स्थित एक मंजिला मकान में हुए धमाके के बाद पूरी संरचना गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे कई लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिलिंडर विस्फोट को मकान ढहने का कारण माना जा रहा है। लगभग 250 वर्ग गज में बने इस मकान को विस्फोट से भारी नुकसान पहुंचा और पूरी इमारत जमींदोज हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय भवन में बर्तनों की पॉलिशिंग का कार्य चल रहा था। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन यह भी पता लगाने में जुटा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
