India Update

mumbai के कुर्ला में झुग्गी बस्ती पर गिरी क्रेन, 8 लोग घायल; सभी की हालत स्थिर

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, मुंबई : mumbai के कुर्ला इलाके में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) की बिल्डिंग के पास झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाके में एक क्रेन गिरने से आठ लोग घायल हो […]

Spread the love

प्रयाग भारत, मुंबई : mumbai के कुर्ला इलाके में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) की बिल्डिंग के पास झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाके में एक क्रेन गिरने से आठ लोग घायल हो गए। हादसा कुर्ला ईस्ट के इंदिरा नगर इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे बंटारा भवन और एमएचएडीए बिल्डिंग के पास हुआ।

हादसे की सूचना सुबह करीब 3:04 बजे बीएमसी मुंबई फायर ब्रिगेड को मिली। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और संबंधित बीएमसी वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी में क्रेन के नीचे तीन से चार लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

हादसे में घायल आठ लोगों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें छह घायलों को सायन अस्पताल और दो लोगों को कुर्ला भाभा अस्पताल ले जाया गया। बीएमसी के मुताबिक सायन अस्पताल में भर्ती सभी छह मरीजों की हालत स्थिर है। वहीं, कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की स्थिति भी स्थिर बताई गई है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हादसा

शुरुआती जानकारी के अनुसार एमएचएडीए की ओर से इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाना था। इसी कार्रवाई के लिए क्रेन को मौके पर खड़ा किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि क्रेन को चढ़ाने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पास की झुग्गी बस्ती में जा गिरी।

क्रेन के अचानक गिरने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल हादसे में घायल सभी आठ लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, क्रेन को खड़ा करने के दौरान सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है और सभी घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *