Dehradun में स्कूल के बाहर युवकों की गुंडागर्दी! छात्र को बचाने पहुंचे दो युवकों को पीटा, 2 गिरफ्तार
Summary
ख़बर शेयर करें -प्रयाग भारत , देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक स्कूल के बाहर युवकों की भीड़ द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो […]
More On Dehradun News
- Dehradun Asharodi चेक पोस्ट पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से IRB की बस पलटी, 8 घायल
- Selakui में 22.81 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, डिलीवरी बॉय की आड़ में सप्लाई का आरोप
- DAV छात्रसंघ चुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट हिरासत में, कांग्रेस ने लगाया पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
- उत्तराखंड वित्त विभाग में तीन अधिकारियों के प्रभार बदले, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
- जनगणना 2027 : उत्तराखंड में 1 दिसंबर से होगी आबादी की गणना, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना
प्रयाग भारत , देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक स्कूल के बाहर युवकों की भीड़ द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से पीटते देखा जा सकता है। मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
छात्र को पीटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे युवक
देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास निवासी अंकज पुत्र लाल सिंह ने पटेल नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, अंकज अपने साथी विवेक सहनी के साथ लालपुर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उन्होंने 15-20 युवकों को एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट करते देखा।
आरोप है कि छात्र ने अंकज और विवेक से मदद मांगी। दोनों ने जब मारपीट कर रहे युवकों से छात्र को पीटने की वजह पूछी, तो वे भड़क गए और उन्होंने अंकज व विवेक पर हमला कर दिया।
बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा, बेल्ट और डंडों से पीटा
अंकज ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान डंडों, पाटल और बेल्ट का इस्तेमाल किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक युवक विवेक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आसपास मौजूद कुछ युवक उस पर बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं।
मारपीट में विवेक के सिर पर चोट आई। इसके बाद अंकज उसे उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया।
मोबाइल, चांदी की चेन और 8 हजार रुपये छीनने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान विवेक का मोबाइल फोन, गले में पहनी चांदी की चेन और जेब में रखे 8 हजार रुपये भी छीन लिए गए। अंकज ने पुलिस को दी गई शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।
इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। मोबाइल, चेन और नकदी छीने जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
चार नामजद समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा
पटेल नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित और तुषार समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने दबिश देकर आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सीओ सदर ने दी मामले की जानकारी
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, पटेल नगर कोतवाली में शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।