उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा : Badrinath Highway पर बस अनियंत्रित होकर पलटी
प्रयाग भारत, ऋषिकेश : Badrinath Highway उत्तराखंड के बदरीनाथ हाईवे पर रविवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक बस शिवपुरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK14PA0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिवपुरी के पास कलथरी डंपिंग प्वाइंट के नजदीक चालक की तरफ की खिड़की अचानक खुल गई। ड्राइवर खिड़की बंद करने लगा, तभी बस का संतुलन बिगड़ गया और बस हाईवे पर पलट गई।
हादसे के समय बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत करीब 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया।
घायल यात्रियों के नाम
- सोनम गुप्ता (28)
- मुन्नी देवी (56)
- चंद्र प्रकाश गुप्ता (62)
- संजय चौरसिया (59)
- सीता देवी (38)
- कुमारी शबनम (32)
- मनीष गिरी (44)
सभी घायल लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
