Pragya Singh Missing Case : पति से नाराज होकर ट्रेन से उतरीं, कई दिनों बाद Begusarai में मिलीं
प्रयाग भारत, देहरादून : Pragya Singh केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त ट्रेन से रहस्यमयी तरीके से गायब हुई प्रज्ञा सिंह को आखिरकार बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया गया है। कई दिनों से चर्चा में बने इस मामले में अब बड़ा खुलासा सामने आया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रज्ञा अपने पति स्वागत से नाराज थीं और इसी वजह से ट्रेन से उतरकर चली गई थीं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
दरअसल 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह 5 मई को अपने पति के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस से देहरादून से लौट रही थीं। दोनों ट्रेन के B2 कोच में सफर कर रहे थे। परिवार के मुताबिक रात तक सब सामान्य था, लेकिन सुबह सीट पर प्रज्ञा नहीं मिलीं। इसके बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया और परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई। रेलवे पुलिस और GRP ने मामले की जांच शुरू की। कई स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले गए, यात्रियों से पूछताछ हुई और मोबाइल लोकेशन के जरिए तलाश की गई।
अब पुलिस ने प्रज्ञा को बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वह अपने पति स्वागत से नाराज थीं और इसी कारण ट्रेन से उतर गई थीं। हालांकि पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जांच कर रही है। प्रज्ञा के सुरक्षित मिलने की सूचना परिवार को दे दी गई है, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं कई दिनों तक सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगती रहीं, लेकिन अब मामला काफी हद तक साफ होता नजर आ रहा है।
